डेंगू से पीड़ित एक महिला की मंगलवार की देर रात उपचार के दौरान ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में मौत हो गई।बुधवार को चिकित्सकों की टीम ने कस्बा निहालगढ़ के साथ ही पालपुर गांव का दौरा कर बुखार से पीड़ित लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। चिकित्सकों ने गांव में दवाओं का छिड़काव भी कराया।
जगदीशपुर थाना क्षेत्र के घोसियाना पालपुर निवासी पीर मोहम्मद की पत्नी जैबुल निशां पांच दिनों से बुखार से पीड़ित थी। सीएचसी पर हुई जांच में जैबुल निशां में डेंगू की पुष्टि हुई थी। परिवारीजनों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में भर्ती कराया था। मंगलवार की देर रात जैबुल की उपचार के दौरान मौत हो गई।
जैबुल की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। बुधवार को डिप्टी सीएमओ डॉ. तीरथलाल के नेतृत्व में सीएचसी प्रभारी डॉ. गुलाम अहमद खां समेत कई चिकित्सक कस्बा निहालगढ और घोसियाना पालपुर पहुंचे। चिकित्सकों ने बुखार से पीड़ित लोगों की जांच की। डॉ. गुलाम अहमद खां ने कहा कि अधिकतर लोगों को वायरल फीवर है। किसी को डरने की जरूरत नहीं है।