विंदेश्वरीगंज (सुल्तानपुर)। सिंघनी गांव में शुक्रवार की शाम अलाव तापते समय छप्पर में लगी आग से एक बुजुर्ग महिला झुलस गई। परिवारीजन महिला का प्राथमिक उपचार कराने के बाद घर लेकर चले आए। शनिवार की सुबह महिला की मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव कब्जे में ले लिया।
बल्दीराय थाना क्षेत्र के सिंघनी गांव की धनऊ देवी (65) शुक्रवार की शाम घर के सामने छप्पर के नीचे अलाव ताप रही थीं। अचानक अलाव की चिंगारी से छप्पर में आग लग गई। इस बीच धनऊ आग की चपेट में आकर झुलस गई। परिवारीजनों ने किसी तरह से आग को काबू किया।
आग से झुलसी धनऊ को परिवारीजन एक चिकित्सक के पास ले गए और प्राथमिक उपचार कराने के बाद लेकर घर लौट आए। शनिवार की सुबह धनऊ की घर पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।