भदैंया (सुल्तानपुर)। लखनऊ-वाराणसी रेल मार्ग पर पखरौली क्रॉसिंग के पास बृहस्पतिवार शाम चार बजे सद्भावना एक्सप्रेस की चपेट में आकर महिला की मौत हो गई। रामपुर गांव निवासी फुलेसरा (60) अपने मायके चितई पुरवा से शादी समारोह में शामिल होने के बाद परिवार की नयका (50) और पौत्री काजल (12) के साथ पैदल घर लौट रही थीं। इसी बीच वे सभी बंद रेलवे क्रॉसिंग पार करने लगीं। उसी दौरान फुलेसरा सद्भावना एक्सप्रेस की चपेट में आ गईं जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। नयका व काजल बच गईं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।