सुल्तानपुर। बहुचर्चित सराफा डकैती कांड में बृहस्पतिवार को एफटीसी प्रथम की अदालत ने सभी आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किया। एफटीसी जज जलाल मोहम्मद अकबर ने मामले में अभियोजन साक्ष्य पेश करने के लिए 10 जून की तारीख तय की है।
कोतवाली नगर के चौक इलाके में सराफा व्यवसायी भरत जी सोनी की दुकान पर 28 अगस्त को असलहों से लैस बदमाशों ने डकैती डाली थी। इस मामले में पुलिस ने 14 आरोपियों का नाम प्रकाश में लाया जिनमें आरोपी मंगेश यादव व अनुज प्रताप सिंह की मुठभेड़ में मौत हो चुकी है।
मामले में आरोपी विपिन सिंह को रायबरेली जेल से एवं जिला कारागार सुल्तानपुर में निरुद्ध आरोपी अरविंद यादव, दुर्गेश सिंह, त्रिभुवन कोरी, पुष्पेंद्र सिंह, विवेक सिंह, सचिन सिंह, विनय शुक्ला, अंकित यादव, अजय यादव को चार्ज पर सुनवाई के लिए तलब किया गया।
गुजरात के सूरत जेल में निरुद्ध आरोपी फुरकान व अरबाज को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये तलब किया गया। सभी आरोपियों ने अपने खिलाफ लगे आरोपों से इन्कार करते हुए विचारण की मांग की एवं कुछ आरोपियों ने चार्ज पर अपनी आपत्ति भी जताई। सत्र न्यायाधीश जलाल मोहम्मद अकबर ने सभी आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त आधार पाते हुए आरोप तय कर दिया है।