सुल्तानपुर। कोतवाली देहात थाने के एक गांव की महिला ने लखनऊ के एक मकान में जिले के एक विधायक पर दुष्कर्म करने की कोशिश का आरोप लगाते हुए वीडियो जारी किया है। वीडियो में बता रही है कि विधायक कई महीने से उसके पीछे पड़े थे। प्रयास में सफल नहीं होने पर विधायक ने फर्जी प्राथमिकी भी दर्ज कराई है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल वीडियो में महिला ने विधायक और गनर पर दुष्कर्म के प्रयास के साथ अन्य आरोप भी लगाए हैं। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। वहीं विधायक की ओर से मंगलवार को एक लिखित बयान जारी किया गया। इसमें उन्होंने साक्ष्य भी दिया है।
विधायक ने बयान में आरोप लगाया कि लखनऊ स्थित उनके फ्लैट के ऊपर सातवीं मंजिल पर आरोपी महिला अपने पति के साथ रहती थी। आरोपी महिला के पति ने उन्हें एफसीआई के गोदाम दिलाने के लिए फर्जी लेटरपैड भेजकर ठगी की थी। छानबीन में लेटरपैड फर्जी मिलने पर उन्होंने दोनों के खिलाफ लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली में 10 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इससे बचने के लिए आरोपी महिला वीडियो वायरल करके फर्जी आरोप लगा रही है।