सुल्तानपुर। संग्रह अमीन हत्याकांड में सोमवार को अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम संतोष कुमार की अदालत में तलब किया गवाह हाजिर नहीं हुआ। इस वजह से मुकदमे का ट्रायल बाधित रहा। अदालत ने मामले में गवाह को 16 सितंबर के लिए तलब किया है। अमेठी जिले के मुसाफिरखाना कोतवाली के भद्दौर गांव के रहने वाले संग्रह अमीन सुरेश यादव व उनके भतीजे बृजेश यादव की 27 फरवरी 2023 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई गई है। मामले में आरोपी जलालुद्दीन समेत कुल 13 आरोपियों के खिलाफ ट्रायल चल रहा है।
एलआईसी डकैतीकांड में आरोपियों का बयान दर्ज
सुल्तानपुर। भारतीय जीवन बीमा निगम की कादीपुर शाखा में हुई लाखो की डकैती के केस में एडीजे प्रथम संतोष कुमार की अदालत में सोमवार को सभी आरोपी हाजिर हुए। उनका बयान दर्ज किया गया। अदालत ने मामले में आरोपियो को सफाई साक्ष्य पेश करने के लिए 19 सितंबर की तारीख तय किया है। कादीपुर स्थित एलआईसी शाखा के तत्कालीन प्रबंधक ईश्वरदेव सिंह ने एक सितंबर 2008 की दोपहर करीब 13.50 लाख रुपये की डकैती की घटना बताते हुए स्थानीय कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था।
-
जानलेवा हमले का आरोपी भेजा गया जेल
सुल्तानपुर। चाकू से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाने के मामले में अमेठी जिले के संग्रामपुर थाने के नेवादा कनू गांव निवासी आरोपी शिवकुमार पांडेय ने सोमवार को आत्मसमर्पण किया। आरोपी की तरफ से जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में अर्जी देकर अंतरिम जमानत की मांग की गई। प्रभारी सत्र न्यायाधीश संध्या चौधरी की अदालत ने मामले की सुनवाई के दौरान प्रथमदृष्टया हत्या के प्रयास का मामला पाते हुए आरोपी को राहत देना उचित न मानते हुए अंतरिम राहत देने से इन्कार कर दिया। अदालत ने मामले में नियमित जमानत पर सुनवाई के लिए 19 सितंबर की तारीख तय की है। वादी कृष्ण कुमार पांडेय ने छह जुलाई 2023 की घटना बताते हुए अपने छोटे भाई संजीवमणि पांडेय पर चाकू से हमला करने के आरोप में गांव के ही आरोपी शिवकुमार पांडेय के खिलाफ स्थानीय थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।