सुल्तानपुर। शहर के डाकखाना विद्युत उपकेंद्र के बढ़ैयावीर में ट्रक की टक्कर से बुधवार सुबह हाईटेंशन लाइन का केबल क्षतिग्रस्त हो गया। नया केबल लगने तक बढ़ैयावीर फीडर करीब तीन घंटे बंद रहा। इस दौरान करीब दो हजार लोगों की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
बढ़ैयावीर में पार्क के पास सुबह साढ़े 10 बजे ट्रक की टक्कर से केबल टूटने से गोलाघाट, बस स्टेशन, बढ़ैयावीर मोहल्ले की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे विद्युत कर्मियों ने शटडाउन लेकर नई केबल लगाने का काम शुरू किया। गर्मी में उपभोक्ताओं के दबाव को देखते हुए निगम ने एक ट्रांसफार्मर की आपूर्ति बंद करते हुए अन्य जगह की बिजली बहाल कर दी। अवर अभियंता किशन ने कहा कि करीब दो बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई।