कलेक्ट्रेट की बैठक में हिस्सा लेते केंद्रीय पूजा व्यवस्था समिति के पदाधिकारी व सदस्य।
सुल्तानपुर। शारदीय नवरात्र की दशमी से शुरू होने दुर्गा पूजा महोत्सव के प्रत्येक पंडालों व विसर्जन मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे की नजर रहेगी। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम कुमार हर्ष व एसपी कुंवर अनुपम सिंह की मौजूदगी में केंद्रीय पूजा व्यवस्था समिति की बैठक हुई। इस दौरान एएसपी ने सीसीटीवी लगाने के निर्देश दिए। मेले में भीड़ को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से इसे जरूरी बताया।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने केंद्रीय पूजा व्यवस्था समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश पांडेय की मौजूदगी में पूजा महोत्सव में होने वाले आयोजनों के बारे में जानकारी दी। तीन दिन चलने वाली प्रतिमा विसर्जन यात्रा के बारे में भी अवगत कराया। अपर जिलाधिकारी प्रशासन गौरव शुक्ल ने दुर्गा पूजा व अन्य त्योहारों को देखते हुए सभी तहसील स्तरीय अधिकारियों को तहसील व थानावार पीस कमेटी की बैठक कराने के निर्देश दिए। स्वच्छता, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, यातायात आदि की व्यवस्था समय से पहले पूरा करने के निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप ने कहा कि सभी पूजा पंडाल व विसर्जन मार्ग सीसीटीवी कैमरे से युक्त होने चाहिए। इसके लिए एक कंट्रोल रूम बनाया जाए। स्थिति के मुताबिक पुलिस तैनात की जाएगी। पीस कमेटी के सदस्यों को सुरक्षा का आश्वासन दिया। प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने महोत्सव में डीजे की ध्वनि मानक के अनुरूप रखने के निर्देश दिए। इस मौके पर विभागीय अधिकारी व समितियों के सदस्य मौजूद रहे।