सुल्तानपुर। जिले में मंगलवार आधी रात तेज हवा व बारिश से गेहूं की फसल व बिजली आपूर्ति व्यवस्था तहस-नहस हो गई। बाली निकलते समय गेहूं की फसल गिर जाने से उसके फिर उठने की संभावना क्षीण हो गई है। इससे किसानों को लाखों का नुकसान पहुंचने की आशंका है। पेड़ व पेड़ की डाल गिरने से दर्जनों पोल व तार क्षतिग्रस्त हो गए। रात में करीब एक घंटे शहर समेत जिला अंधेरे में डूबा रहा। इससे करीब 28 लाख की आबादी प्रभावित रही।
मौसम में अचानक हुए बदलाव से मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे काली घटाएं छा गईं। तेज हवा के बीच हल्की बारिश से किसानों को भारी नुकसान पहुंचा है। जिले की पांचों तहसीलों सदर, बल्दीराय, कादीपुर, जयसिंहपुर व लंभुआ क्षेत्र में हल्की बरसात व तेज हवा की चपेट में गेहूं समेत अन्य फसलें आ गईं।
बाली (दाने) निकली गेहूं की फसल खेतों में लोट गई। मोगितरपुर निवासी विक्रमाजीत पांडेय ने बताया कि तीन बीघा गेहूं की फसल गिर गई है। गिरी फसल उठने की संभावना नहीं है। कूरेभार के सोनारा के किसान मनोज कुमार, कटघरा के किसान महेंद्र वर्मा ने बताया कि उनका बहुत नुकसान हुआ है। गेहूं की फसल गिरने के बाद नहीं उठती है। गन्ना व सरसों की फसल को भी नुकसान पहुंचा है।
करीब आधे घंटे तक चली तेज हवा से शहर के एजूकेशन कॉलोनी में संतोष शर्मा का टिनशेड उड़ गया। विवेकनगर में कई लोगों के शेड उड़कर गिर गए। कूरेभार, वलीपुर, दोस्तपुर, चांदा, भदैंया, धम्मौर, कुड़वार समेत पूरे जिले में बड़ा असर रहा।
किसानों के टिनशेड के साथ छप्पर उड़कर टूट गए। दैवी आपदा विभाग ने जिले में जनधन की कोई हानि न होने का दावा किया है। साथ ही उप जिलाधिकाकारियों को फसलों व अन्य हानि का सर्वे कराने का निर्देश भी दिया है।
शाम तक चालू नहीं हो सका दियरा विद्युत उपकेंद्र
मंगलवार रात तेज हवा व बारिश के बीच जिले की बिजली आपूर्ति व्यवस्था धराशायी हो गई। तकरीबन सभी उपकेंद्रों की बिजली काट दी गई। पेड़ की डाल गिरने से करीब 38 पोल टूट गए हैं। तकरीबन एक घंटे पूरा जिला अंधेरे में डूबा रहा। इसके बाद आपूर्ति बहाल कराई गई लेकिन मोतिगरपुर के कटघरा के पास एचटी लाइन के चार, केएनआई के इंडोडच के पांच, जयसिंहपुर के चार पोल समेत दर्जनों उपकेंद्रों के 38 पोल टूटने व तार गिरने से करीब डेढ़ लाख की आबादी की बिजली आपूर्ति बुधवार शाम तक ठप रही।
कटघरा के पास एचटी लाइन का चार पोल टूटने से दियरा उपकेंद्र की आपूर्ति अभी तक बहाल नहीं हो सकी। पयागीपुर के पास एचटी लाइन का पोल टूटने से कुड़वार, सरकौड़ा उपकेंद्र पर शाम चार बजे आपूर्ति बहाल की गई।
शहर के डाकखाना उपकेंद्र के तीन इंसुलेटर जल गए हैं। शाम पांच बजे तक करौंदीकलां, दोस्तपुर, भटमई समेत करीब आधा दर्जन फीडर की लाइनें बाधित रहीं। वितरण मंडल निगम के अधीक्षण अभियंता अखिलेश सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह तक मिली रिपोर्ट में दर्जन भर पोल टूटने की सूचना रही। अधिशाषी अभियंताओं से रिपोर्ट मांगी गई है। कई जगहों की आपूर्ति बहाल करा दी गई है।
फसलों के ज्यादा नुकसान पर मिलेगा मुआवजा
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व व दैवी आपदा अधिकारी एस करुणाकरन ने बताया कि जिले में जनधन की कोई हानि नहीं हुई है। फसलों के हुए नुकसान का सर्वे कराया जा रहा। 33 फीसदी से ज्यादा फसलों का नुकसान पाए जाने पर संबंधित किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।