सुल्तानपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाओं की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले के 122 केंद्रों पर बृहस्पतिवार से परीक्षाएं शुरू होंगी जो नौ मार्च तक चलेंगी। दो पालियों में विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक व दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो से शाम 5:15 बजे तक होगी। इस बार जिले में हाईस्कूल में 43,264 एवं इंटरमीडिएट में 37,233 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। बोर्ड परीक्षा के लिए सदर तहसील में 29, कादीपुर तहसील में 37, बल्दीराय व जयसिंहपुर तहसील में 18 एवं लंभुआ तहसील में 20 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
पांच जोन में बांटे गए केंद्र
परीक्षा केंद्रों को पांच जोन में बांटा गया है। जोन एक के लिए सदर एडीएम सीपी पाठक, जोन दो के लिए बल्दीराय एसडीएम विदुषि सिंह, जोन तीन के लिए जयसिंहपुर एसडीएम अरविंद कुमार, जोन चार के लिए एडीएम कादीपुर शिव प्रसाद एवं जोन पांच के लिए एसडीएम लंभुआ दीपक वर्मा को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है।
अप्रिय घटना की सूचना देने के लिए करेंगे फोन
परीक्षा के दौरान केंद्रों पर अगर कोई अप्रिय घटना होगी तो सभी केंद्राध्यक्ष व प्रधानाचार्य सूचना देने के लिए डीआईओएस रविशंकर, परीक्षा प्रभारी जितेंद्र दुबे एवं राजकीय हाईस्कूल केनौरा के प्रधानाचार्य विजय प्रकाश मौर्य को फोन करेंगे। एडीएम प्रशासन गौरव शुक्ल ने बताया कि इसके लिए सभी को निर्देश दिए गए हैं।
संवेदनशील केंद्रों की होगी विशेष निगरानी
122 में से नौ परीक्षा केंद्र संवेदनशील हैं। ये विद्यालय पहली बार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर एक एसआई व दो पुलिस कर्मी की तैनाती रहेगी। डीआईओएस रविशंकर ने बताया कि संवेदनशील परीक्षा केंद्रों की विशेष निगरानी की जाएगी। यहां सचल दल विशेष निगरानी करेगा। जीआईसी में बने कंट्रोल पर भी दो पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। सभी केंद्रों पर परीक्षा के दौरान दो पुलिस कर्मियों की तैनाती रहेगी।
बोर्ड परीक्षा के महत्वपूर्ण बिंदुः
-80,497-यूपी बोर्ड परीक्षा के कुल विद्यार्थी
..........
-43,264 हाईस्कूल के कुल परीक्षार्थी
-22,356-छात्र
-20,908-छात्राएं
........
-37,233 इंटरमीडिएट के कुल परीक्षार्थी
-छात्र-18,562
छात्राएं-18,671
..........
आंकड़ों की नजर में
-122 कुल परीक्षा केंद्र
-05-जोनल मजिस्ट्रेट
-22-सेक्टर मजिस्ट्रेट
-05-सचल दल
- 122-स्टेटिक मजिस्ट्रेट
-122-केंद्र व्यवस्थापक
-5116 कुल कक्ष निरीक्षक
-2548 माध्यमिक के कक्ष निरीक्षक
2568-बेसिक के कक्ष निरीक्षक
- 09- संवेदनशील परीक्षा केंद्र