26. करौंदीकला थाने के मेवपुर बरचौली गांव में आग लगने से जली गेहूं की फसल। -संवाद
करौंदीकला/धनपतगंज (सुल्तानपुर)। अलग-अलग स्थानों पर आग लगने से खेत में खड़ी करीब 30 बिस्वा गेहूं की फसल राख हो गई। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया जा सका। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी संबंधित क्षेत्र के राजस्वकर्मियों को दे दी है।
करौंदीकला थाना क्षेत्र के मेवपुर बरचौली गांव निवासी अशोक मिश्र के गेहूं के खेत में बुधवार दोपहर अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। तेज हवा के झोंके से आग ने भयावह रूप धारण कर लिया। आग ने बगल के प्रेम नाथ मिश्र की गेहूं की फसल को भी अपनी चपेट में ले लिया। दोनों किसानों की लगभग 10-10 बिस्वा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। आग की सूचना ग्रामीणों ने राजस्व कर्मियों को भी दी।
उधर, धनपतगंज थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत महमदीपुर निवासी शिवकुमार की गेहूं की फसल में मंगलवार देर शाम बिजली के तारों में हुई शार्टसर्किट से निकली चिंगारी से आग लग गई। आग लगने से उनकी करीब 10 बिस्वा से अधिक गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
ग्रामीणों ने घटना की जानकारी राजस्व कर्मियों को दी। इस संबंध में राजस्वकर्मी बृजेश सिंह ने बताया कि आग लगने से हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। इसकी आख्या उच्चाधिकारियों को दी जाएगी।