डीडीसी वार्ड संख्या-4 से चुनाव जीत चुकी एक महिला प्रत्याशी को निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर रनर से भी पीछे कर दिया गया। बिना संपूर्ण प्रपत्र के हुई फीडिंग से पैदा हुई असहज स्थिति में उस समय नया मोड़ आ गया जब गलती से विजेता दर्ज प्रत्याशी व उसके समर्थक प्रमाण पत्र लेने कलेक्ट्रेट पहुंच गए।
डीडीसी वार्ड संख्या-4 की मतगणना के बाद ब्लॉक में तैनात एआरओ व जिले में तैनात आरओ ने सावित्री देवी को विजेता घोषित किया था। सावित्री से कहा गया कि वे जीत का प्रमाण पत्र लेने मंगलवार सुबह आएं। सुबह उस समय असहज स्थिति पैदा हो गई जब आयोग की वेबसाइट पर सावित्री की जगह रामावती का नाम विजेता के रूप में दर्ज मिला। इतना ही नहीं फीड करने वालों ने सावित्री का नाम रनर के बाद तीन नंबर पर कर दिया था। इस बात की भनक प्रशासन को लगी तो उसके हाथ-पांव फूल गए।
मामले की तहकीकात हुई तो पता चला कि जगदीशपुर के आरओ/एआरओ तोषकर झा (जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी) की ओर से संपूर्ण प्रपत्र ही भेजे नहीं गए थे। इसी बीच कलेक्ट्रेट पहुंचे भाजपाइयों ने सावित्री को अपनी प्रत्याशी बताते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। अंत में डीएम के हस्तक्षेप पर सारे प्रपत्र मंगवाकर पुन: आयोग की वेबसाइट पर फीडिंग दुरुस्त कराने के बाद सावित्री को जीत का प्रमाण पत्र दिया गया।