मौसम के बदले रुख से बूूंदाबांदी होने के बाद ठंड में इजाफा हो गया है। गुरुवार को दिन भर आसमान में बादल छाए रहे। तापमान में गिरावट आने से रात के साथ ही दिन में भी ठंड होने लगी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने और छिटपुट बारिश होने के साथ ही ठंड में वृद्घि होने की संभावना जताई है।
बुधवार को मौसम का मिजाज बदलने से शहर समेत अन्य ग्रामीण इलाकों में बूंदाबांदी हुई थी। बूंदाबांदी होने से तापमान में गिरावट आने से ठंड में इजाफा हो गया है। गुरुवार को सुबह के समय से ही आसमान में बादल छाए रहे। ठंड से बचाव के लिए लोगों ने गर्म कपड़े पहन लिए। दिन भर आसमान में बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बारिश नहीं होने से किसानों को निराश होना पड़ा है।
फिलहाल अभी भी किसान बारिश को लेकर आशान्वित है। मौसम विभाग की मानें तो शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने और छिटपुट बारिश होने की संभावना है। नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम पर्यवेक्षक योगेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार को अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 22.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 8.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य रहा।