सुल्तानपुर। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के महानपुर गांव में शनिवार देर शाम बारिश के पानी की निकासी के विवाद में दो पक्ष भिड़ गए। मारपीट के दौरान दोनों पक्षों के बीच धारदार हथियार भी चले। इसमें महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों का मेेडिकल परीक्षण करवाकर क्रॉस केस दर्ज किया है।
महानपुर गांव निवासी धर्मराज शनिवार की शाम अपने घर पर मौजूद था। उनका आरोप है कि देर शाम बारिश के पानी के निकलने के विवाद को लेकर विपक्षी प्रज्ञानंद, मुन्नालाल, प्रशांत कुमार, सचिन कुमार, अर्थव उर्फ बाबू, अरविंद कुमार ने उनके घर पर हमला कर दिया। विपक्षियों ने धर्मराज व उसकी पत्नी सीतापति को मारापीटा। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल होे गए।
वहीं, प्रज्ञानंद का आरोप है कि बरसात का पानी उनके घर में जा रहा था। पानी रोकने के लिए अपने घर के सामने सड़क पर गए थे। तभी धर्मराज, उसके पुुत्र कमल, रामरतन ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कोतवाली देहात थाने में तहरीर दी। कोतवाली देहात थाने के प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि क्रॉॅस केस दर्ज कर घायलों का मेडिकल परीक्षण करवाया गया है।