सुल्तानपुर। मरीज हों, तीमारदार या फिर स्टाफ। मेडिकल कॉलेज में दूसरे दिन भी सभी को पानी की किल्लत से जूझना पड़ा। दिनभर फटी वाटर लाइन की मरम्मत होती रही और मरीजों ने बोतलबंद पानी खरीदकर काम चलाया। हालांकि शाम तक वाटर लाइन की मरम्मत पूरी हो जाने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
मेडिकल कॉलेज में छह जून को सुबह ही ब्लड बैंक के पास मेन पाइप लाइन फट जाने के कारण पुरुष अस्पताल से लेकर महिला अस्पताल तक की पानी आपूर्ति ठप हो गई, जिसकी वजह से मरीजों को परेशानी हुई थी। महिला अस्पताल की आपूर्ति तो छह जून की ही शाम को चालू हो गई थी, लेकिन पुरुष अस्पताल में शुक्रवार को भी पानी की किल्लत बरकरार रही। पीने का पानी तो मरीजों और तीमारदारों ने बाहर से खरीद लिया, लेकिन शौचालयों में पानी न होने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
यही नहीं आर्थो विभाग में मरीजों का प्लास्टर दूसरे दिन भी पानी की किल्लत की वजह से नहीं हो पाया। करीब 15 मरीजों को बिना प्लास्टर के ही लौटना पड़ा। दोपहर करीब ढाई बजे वाटर लाइन की मरम्मत पूरी हो जाने पर आपूर्ति चालू की जा सकी। इस बारे में सीएमएस डॉ. एसके गोयल ने बताया कि आपूर्ति चालू हो जाने से अब समस्या समाप्त हो गई है।