गोसाईंगंज के सुरौली गांव में गिरी घर की कच्ची दीवार। -संवाद
गोसाईंगंज (सुल्तानपुर)। सुरौली गांव में सोमवार को कच्ची दीवार ढहने से एक किशोर मलबे में दब गया। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर उसे बाहर निकाला। परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव निवासी मोहम्मद अयान उर्फ अतीक (16) सोमवार दोपहर करीब दो बजे मकान की कच्ची दीवार पर छप्पर रखने की व्यवस्था में लगा हुआ था। घर के पीछे कच्ची दीवार को देखने के लिए अतीक गया था कि तभी अचानक दीवार उसके ऊपर गिर गई।
परिजनों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दीवार का मलबा हटाकर उसे बाहर निकाला और मेडिकल कॉलेज पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घर वालों का रो-रो कर बुरा हाल है।
सुरौली गांव निवासी मोहम्मद वकील के परिवार में पत्नी नजमा बानो के साथ ही बड़ा बेटा मोहम्मद अयान अली, बेटी शबनम बानो, छोटा बेटा अल्तमश व जीशान हैं। अयान की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
सुरौली गांव में हुए हादसे की जानकारी मिली है। राजस्व कर्मियों को मौके पर भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी।
-ह्रदयराम तिवारी, तहसीलदार जयसिंहपुर