सुल्तानपुर। जयसिंहपुर तहसील में शनिवार को जिला स्तरीय समाधान दिवस का आयोजन किया गया। डीएम-एसपी समेत अन्य अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। शनिवार सुबह से फरियाद लाइन में लगकर अफसरों इंतजार करते कर रहे थे।
फरियादी डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना व एसपी सोमेन बर्मा को अपनी समस्या सुनाने आए थे। दोपहर एक बजे डीएम और एसपी तहसील परिसर में दाखिल हुए तो फरियादियों में समस्या सुनाने की होड़ मच गई। पुलिस कर्मी कतार में लगने के लिए कहते रहे, लेकिन सुबह से इंतजार कर थक चुके लोग जल्द ही समस्या सुनाने के लिए परेशान दिखे। कुल 117 शिकायतों के सापेक्ष पांच का समाधान मौके पर किया गया।
दृश्य एक
समय:दोपहर 12:45 बजे
स्थान-तहसील रजिस्ट्रेशन काउंटर
तहसील सभागार में बनाए गए काउंटर पर फरियादी अपना रजिस्ट्रेशन करा रहे थे। उन्हें अपनी समस्या सुनाने के लिए अंदर भेजा जा रहा था। लोग काउंटर पर रजिस्ट्रेशन के लिए परेशान थे। फरियादी इस बात से परेशान थे कि वे सुबह से आकर अफसरों का इंतजार कर रहे हैं, उनकी समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय मामले को टरकाते हैं। फरियादी राम सुरेमन ने बताया कि अपनी समस्या सुनाने के लिए जगह-जगह लाइन लगानी पड़ रही है। यहां कुल 117 शिकायतकर्ताओं ने पंजीकरण कराया था।
...
दृश्य दो
समय: दोपहर 1:10 बजे
स्थान-जयसिंहपुर तहसील सभागार
जयसिंहपुर तहसील में दोपहर एक बजे डीएम व एसपी का आगमन हुआ। दोनों अधिकारी सीधे सभागार में चले गए। डीएम व एसपी को देखकर इधर-उधर खड़े फरियादी समस्या सुनाने के लिए धक्कामुक्की करने लगे। कुदारन गलिबहा गांव निवासी 78 वर्षीय बुजुर्ग कलावती ने बताया कि उसका पीढ़ी के पास राजमार्ग पर मकान बना है। खोजापुर निवासी रमेश यादव उन्हें घर से बेघर कर रहे हैं। तहसीलदार की जांच में फर्जी बैनामा पाया गया। पारसपट्टी निवासी घनश्याम पांडेय ने विपक्षियों पर जमीन कब्जा करने का आरोप लगाया। बृजवरी गांव निवासी अखिलेश्वरी ने आवास दिलाने की मांग की। डीएम ने तहसील के अधिकारियों को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा
जयसिंहपुर। समाधान दिवस पर बार एसोसिएशन अध्यक्ष विजय शंकर शुक्ल, सचिव अमित कुमार शुक्ल की अगुवाई में अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना को ज्ञापन दिया। तहसील परिसर में बने शौचालय में पानी चालू करवाने की मांग की गई है।
तीन लेखपालों का रोका वेतन
जयसिंहपुर। पिछले संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में लापरवाही करना तहसील के लेखपालों पर भारी पड़ा। एसडीएम शिवप्रसाद ने ढेमा गांव के लेखपाल देवमणि उपाध्याय, बीड़ी गांव की लेखपाल रितिका त्रिपाठी, धूंधूं गांव के लेखपाल इंद्रभान का वेतन रोकते हुए कार्रवाई के लिए डीएम से संस्तुति की है। संवाद