नगरपालिका में नोटिस का जवाब देने के लिए आए मतदाता
सुल्तानपुर। विधानसभा मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के बाद फॉर्म में सही जानकारी नहीं देने वालों को जारी नोटिस पर सुनवाई हो रही है। जिले के 106 केंद्रों पर रोजाना नोटिस का जवाब देने के लिए मतदाताओं की भीड़ है। अभी तक 3,35,000 मतदाताओं को नोटिस जारी हो चुका है।
जिसमें 35 हजार 992 मतदाताओं की सुनवाई की जा चुकी है। शुक्रवार को नोटिस का जवाब देने के लिए शिविरों में मतदाताओं की भीड़ उमड़ी। निस्तारण में अधिकारियों के पसीने छूट रहे हैं।
एसआईआर के बाद प्रपत्रों की हुई छानबीन में 3.71 लाख मतदाताओं के प्रपत्र अधूरे मिले हैं। जिसमें विभिन्न खामियां मिली हैं। इस पर सहायक पंजीकरण अधिकारियों व पंजीकरण अधिकारियों की ओर से नोटिस जारी किया जा रहा है। निर्वाचन आयोग की ओर से रोज प्रत्येक अधिकारियों की ओर से रोज 150 को नोटिस जारी करने व मतदाताओं की सुनवाई के निर्देश दिए गए हैं। अधिकांश मतदाताओं की समझ में बिंदुओं के नहीं आने से सुनवाई के दौरान अधिकारियों को पूरे साक्ष्य नहीं मिल पा रहे हैं।
नगरपालिका परिसर व सदर तहसील में सुबह से ही जवाब देने के लिए मतदाताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। अधिशासी अधिकारी लालचंद्र सरोज ने बताया कि जवाब देने आ रहे मतदाताओं के पास केंद्रीय चुनाव आयोग की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार लागू कागजात के साथ जवाब दाखिल किया जा रहा है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव शुक्ल ने बताया कि नोटिस के निस्तारण में 106 अधिकारी लगाए गए हैं। रोजाना नोटिस का निस्तारण किया जा रहा है। 27 फरवरी तक नोटिस के निस्तारण की प्रक्रिया चलेगी।