पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए धनपतगंज, कूरेभार व जयसिंहपुर ब्लॉक क्षेत्र में शनिवार को वोट पड़ेंगे। तीनों ब्लॉकों में 4,37,122 मतदाता प्रधान पद के एवं ग्राम पंचायत सदस्य के प्रत्याशियों की तकदीर लिखेंगे। मतदान को देखते हुए प्रधान पद प्रत्याशियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए प्रशासन ने बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। प्रशासन ने मतदान के दौरान बूथों पर अभेद्य सुरक्षा का दावा किया है।
रात तक चला वोटरों को रिझाने का कार्य
शनिवार को मतदान को देखते हुए ग्राम प्रधान पद के प्रत्याशियों ने वोटरों का अपने पाले में करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। प्रत्याशी वोटरों को हर तरीके से रिझा रहे हैं। वोटरों को प्रलोभन भी दिया जा रहा है। यह देर रात तक चलने की संभावना है। कुछ जगहों पर मतदाताओं में शराब व उपहार बांटे गए।
अतिसंवेदनशील बूथों पर होगी वीडियोग्राफी
पंचायत का चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष कराने के लिए अतिसंवेदनशील प्लस बूथों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। प्रशासन ने तीनों ब्लॉकों के 22 अतिसंवेदनशील बूथों पर वीडियो कैमरा लगवा दिया है। पूरी मतदान प्रक्रिया वीडियो कैमरे में कैद होगी।
अभेद्य की गई पहले चरण की सुरक्षा व्यवस्था
पहले चरण का चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष कराने को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सबसे अधिक संवेदनशील माने जाने वाले धनपतगंज ब्लॉक में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। धनपतगंज में दो सुपर जोनल, दो जोनल, 13 सेक्टर व पांच स्टैटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। एडीएम प्रशासन कृष्णलाल तिवारी व एएसपी प्रद्युम्न सिंह स्वयं धनपतगंज में भ्रमण करेंगे। कूरेभार में दो सुपर जोनल, दो जोनल, 16 सेक्टर व तीन स्टैटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। सुपर जोनल के अलावा एडीएम वित्त डीएस उपाध्याय व उनके साथ एक एएसपी कूरेभार में भ्रमण पर रहेंगे।
284 मतदान केंद्रों पर पड़ेंगे वोट
पहले चरण में धनपतगंज, कूरेभार व जयसिंहपुर ब्लॉक में शनिवार को वोट पड़ेंगे। तीनों ब्लॉकों में मतदान कराने के लिए शुक्रवार को पोलिंग पार्टियों को बूथों के लिए रवाना किया जाएगा। तीनों ब्लॉकों में 284 मतदान केंद्र व 698 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
सुबह सात बजे से पड़ेंगे वोट
पहले चरण के लिए सुबह सात बजे से वोट डाले जाएंगे। प्रशासन ने समय से वोटिंग प्रक्रिया शुरू कराने के लिए शुक्रवार की शाम को ही पोलिंग पार्टियों को बूथ बनाने का निर्देश दिया है। वोट शाम साढ़े चार बजे तक पड़ेंगे।