केंद्रीय निर्वाचन आयोग की ओर से चलाए जा रहे विधानसभा मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के दूसरे चरण को भी झटका लगा है। कार्यक्रम के लिए बीएलओ बनाई गईं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के कार्य बहिष्कार से अधिकांश बूथों पर सन्नाटा रहा।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के कार्य बहिष्कार से दूसरे अभियान में भी पर्याप्त संख्या में बूथों पर निर्वाचन संबंधी विभिन्न प्रकार के फॉर्म नहीं भरवाए जा सके। कई बूथों पर पदाभिहित अधिकारी भी अनपुस्थित रहे। अधिकारियों के निरीक्षण में इसका खुलासा हुआ है। बहिष्कार व पदाभिहित अधिकारियों की लापरवाही से आयोग का कार्यक्रम प्रभावित होने लगा है।
मोतिगरपुर के सुल्तानपुरकलां प्राथमिक विद्यालय पर बनाए गए बूथ पर रविवार को पदाभिहित अधिकारी, ग्राम प्रधान पहुंचे लेकिन बीएलओ बनाई गईं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नहीं पहुंची। बूथ पर पहुंचने वाले लोगों का पदाभिहित अधिकारी व ग्राम प्रधान आदि ने फॉर्म भरवाया लेकिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के नहीं पहुंचने से अभियान प्रभावित रहा। यही हाल मोतिगरपुर बूथ का भी रहा। मोतिगरपुर बूथ पर बीएलओ बनाई गई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नहीं पहुंची। इसकी वजह से फॉर्म भरवाने की प्रक्रिया प्रभावित रही।