फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: उल्टी-दस्त के मरीज बढ़े

Mon, 25 May 2026 12:31 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सुल्तानपुर। गर्मी बढ़ने पर उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या दोगुनी हो गई है। पेट दर्द, उल्टी और दस्त के मरीज अधिक संख्या में इलाज कराने रविवार को 47 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में लगे मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में पहुंचे। चिकित्सकों ने सभी को गर्मी में खानपान का ध्यान रखने की सलाह दी। बताया कि बिना खाना खाए घर से नहीं निकलना चाहिए। दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें। पेट दर्द, उल्टी व तीन से अधिक बार दस्त होने पर तत्काल चिकित्सक से परामर्श लें।
विज्ञापन

वलीपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. राजीव गुप्ता मरीजों की जांच कर रहे थे। उन्होंने बताया कि सबसे अधिक मरीज इस समय उल्टी और दस्त के आ रहे हैं। रामनगर निवासी लवकुश ने बताया कि दो दिन से लगातार बुखार आ रहा है। महमूदपुर की रामदुलारी ने घुटने में दर्द की दवा ली। महमूदपुर के सुमित कुमार उल्टी और दस्त से पीड़ित रहे। डॉ. राजीव ने बताया कि गर्मी अधिक है, इससे बचाव करने की आवश्यकता है।

दोस्तपुर में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में 48 मरीजों का इलाज किया गया। इनमें 12 मरीजों की जांच कराई गई। डॉ. अजीत सिंह यादव ने बताया ज्यादातर मरीज पेट दर्द, शरीर दर्द की शिकायत लेकर आए। इलाज कराने आईं ऊषा, आरती, हरीराम महेंद्र, खुशी, अनीशा खातून शहनाज ने पेट दर्द की शिकायत की। डॉ. ने बताया कि लू से बचाव के लिए धूप में निकलें तो सिर को ढक कर रखें। पेट मरोड़ व उल्टी की शिकायत पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं। बाजार की तली-भुनी चीजें खाने से परहेज करें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारत भूषण, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी संजय गुप्ता ने पीएचसी में लगे मेले का निरीक्षण किया।
विज्ञापन


प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धम्मौर में डॉ. प्रदीप कुमार मरीजों का इलाज कर रहे थे। तेज धूप व गर्मी से मरीजों की संख्या भी कम रही। धम्मौर गांव निवासी खुशबू ने कमजोरी व रेवती का पुरवा गांव निवासी डिंपल ने एलर्जी की समस्या बताई। निगोलिया गांव से आए गंगाराम ने बुखार के साथ खांसी व लौहर पश्चिम से आए गयासुद्दीन ने शुगर की समस्या बताई। रामपाल, जयराम, प्रेमा देवी ने एलर्जी व आंखों में जलन की समस्या बताई। चिकित्सक ने इन्हें मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ चिकित्सक से इलाज कराने की सलाह दी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें