कुड़वार (सुल्तानपुर)। विकास खंड क्षेत्र की मड़हा और माधवपुर आचार्य ग्रामसभा में बृहस्पतिवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें ग्रामीणों को एलईडी वैन के माध्यम से राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अभिभाषण दिखाया गया।
नोडल अधिकारी सहायक विकास अधिकारी महिला ज्ञान कुमारी ने प्रधानमंत्री आवास, जन-धन, वन धन, महिला सशक्तिकरण, आयुष्मान कार्ड, उज्ज्वला योजना, मनरेगा, किसान सम्मान निधि आदि योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को बताया।
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी व ग्राम प्रधान राम मिलन वर्मा ने किसान सम्मान निधि के लाभार्थी केशवराम, विवेक कुमार तिवारी को सम्मानित किया। एडीओ कृषि कृष्ण भवन यादव ने ड्रोन के माध्यम से नैनो, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करने की विधि ग्रामीणों को बताई।
जल जीवन मिशन की शिमला पाल, स्वास्थ्य से एएनएम सुमन सिंह, आपूर्ति विभाग से शुभम सिंह, पंचायत और विकास विभाग से रंजीत कुमार ने सरकारी योजनाओं से ग्रामीणों को अवगत कराते हुए अधिक से अधिक लाभ लेने की सलाह दी। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने स्टाल लगाकर उत्पादित सब्जियों के माध्यम से आत्मनिर्भर होने का संदेश दिया। इस मौके पर बहुबरा प्रधान देश प्रकाश यादव, राम आशीष, शिवशंकर दूवे, जालपा तिवारी व राजेश मौर्य मौजूद रहे।