अमेठी। शेखवापुर गांव में रविवार की सुबह एक धार्मिक स्थल में वध प्रतिबंधित मांस रखे जाने की सूचना के बाद पहुंची यूपी 100 को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि तीन दिनों से कोई शरारती तत्व धार्मिक स्थल को बदनाम करने के लिए फर्जी सूचना दे रहा है।
सिपाहियों के बंधक बनाए जाने की सूचना के बाद एसडीएम के साथ ही सीओ कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। एसडीएम व सीओ ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर तीन घंटे बाद पुलिस कर्मियों को छुड़ाया। दोनों अधिकारियों ने हर हाल में सूचना देने वाले व्यक्ति की कॉल डिटेल खंगाल कर कार्रवाई करने का आश्वासन ग्रामीणों को दिया है।
बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के शेखापुर मजरे महोना पूरब गांव में रविवार की सुबह एक धार्मिक स्थल में प्रतिबंधित मांस रखे होने की सूचना यूपी 100 को फोन पर मिली। सूचना मिलते ही यूपी 100 पर तैनात दरोगा बाल गोविंद शर्मा, सिपाही धर्मेंद्र शर्मा और चालक दुर्गेश सिंह मौके पर पहुंच गए।
यूपी 100 की गाड़ी को देखते ही ग्रामीणों ने उसे घेर लिया। ग्रामीणों ने वाहन पर बैठे दरोगा, सिपाही और चालक को घेरकर बंधक बना लिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि तीन-चार दिन से यूपी 100 पुलिस प्रतिबंधित मांस की फर्जी सूचना पर गांव आ रही है ।
ग्रामीण फर्जी सूचना देने वाले की पहचान उजागर कर कार्रवाई की मांग करने लगे। मांग नहीं पूरी होने तक धार्मिक कार्यक्रम आगे नहीं बढ़ाने का ऐलान किया।
पुलिस कर्मियों को बंधक बनाए जाने की सूचना पर एसडीएम मुसाफिरखाना महात्मा सिंह, सीओ सूक्ष्म प्रकाश कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। एसडीएम और सीओ ने ग्रामीणों को काफी समझाया बुझाया।
दोनों अधिकारियों ने सूचना देने वाले की कॉल डिटेल खंगाल कर उसके खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए। तीन घंटे बाद पुलिस कमियों को ग्रामीणों ने छोड़ा। एसडीएम ने कहा कि सूचना देने वाले की कॉल डिटेल खंगाली जाएगी।