सुल्तानपुर। जिले के ग्रामीण इलाकों में वर्षों से बदहाल संपर्क मार्गों की तस्वीर अब बदलने की तैयारी है। पूर्वांचल विकास निधि के राज्यांश मद से 31 संपर्क मार्गों के निर्माण के लिए 8.14 करोड़ रुपये की मंजूरी मिलने के बाद प्रशासन ने निर्माण प्रक्रिया तेज कर दी है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मार्च के अंतिम सप्ताह में शासन ने जिले के पांचों विधायकों के प्रस्ताव पर इन संपर्क मार्गों के निर्माण को स्वीकृति दी थी। स्वीकृति मिलने के बाद कार्यदायी संस्था के रूप में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई। मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह के निर्देश पर विभाग ने निर्माण की औपचारिकताएं शुरू कर दी हैं। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. ददन कुमार ने बताया कि राज्यांश मद से छोटे संपर्क मार्गों के निर्माण का कार्य स्वीकृत हुआ है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही पक्की और इंटरलॉकिंग सड़कों का निर्माण शुरू कराया जाएगा।
ग्रामीण इलाकों में बढ़ेगी कनेक्टिविटी
प्रस्तावित संपर्क मार्गों में कई ऐसे गांव शामिल हैं जहां अब तक कच्चे रास्तों के सहारे आवागमन होता है। सड़क निर्माण के बाद ग्रामीण क्षेत्रों की बाजार, स्कूल और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। प्रशासन का दावा है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य तेजी से शुरू कराया जाएगा।