मौसम का रुख बदलने से शुक्रवार को लगातर दूसरे दिन जिला कोहरा के आगोश में रहा। सुबह से लेकर दोपहर घना कोहरा छाए रहने से लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। दिन भर आसमान में धुंध छाई रही। दोपहर बाद कुछ देर के लिए निकली हल्की धूप भी लोगों को ठंड से निजात नहीं दिला पाई। बर्फीली हवा ने लोगों को कंपा दिया। भीषण ठंड होने के बाद भी जिले में अलाव के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं।
कड़ाके की ठंड होने से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने शनिवार को भी सुबह कोहरा व धुंध रहने और तापमान में गिरावट आने का अनुमान लगाया है। जिले में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन जिला घने कोहरे के आगोश में रहा। सुबह आसमान घने कोहरे की चादर से लिपटा रहा। घना कोहरा रहने से लोगों को आवागमन में दिक्कतें हुईं।
दो पहिया व चार पहिया वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर गंतव्य तक जाना पड़ा। कोहरे से ट्रैफिक काफी धीमा रहा। बर्फीली हवाओं के चलने से लोग गलन भरी ठंड से परेशान रहे। दोपहर तक कोहरा छाया रहा। दिन भर आसमान में धुंध छाई रहने से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दोपहर बाद निकली हल्की धूप से भी ठंड में कमी नहीं आई। शाम होते ही गलन भरी ठंड में इजाफा हो गया। कड़ाके की ठंड से बचाव के लिए लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा। शहर में अलाव की सही व्यवस्था नहीं होने से लोग परेशान रहे। ग्रामीण इलाकों में तो अलाव सिर्फ कागजों में जल रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को सुबह घना कोहरा व धुंध रहने और तापमान में गिरावट का अनुमान है।