भदैंया (सुल्तानपुर)। काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद दूसरे राज्यों के श्रद्धालु चांदा-लंभुआ होते हुए सुल्तानपुर के रास्ते अयोध्या जा रहे हैं। जाम काे देखते हुए सोमवार को वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर स्थित दोमुहां, कामतागंज, हनुमानगंज में वाहनों को रोक दिया गया था। मंगलवार शाम साढ़े सात अयोध्या के लिए वाहनों को रवाना किया गया। लगातार 36 घंटे तक वाहनों के खड़े होने से अयोध्या बाईपास के लिंकरोड पर भीषण जाम लग गया।
मुख्य मार्ग पर पुलिस ने वाहनों को अयोध्या हाईवे से जुड़ने वाले दोमुहां संपर्क मार्ग पर डायवर्ट कर दिया। इससे दोमुहां-बाईपास संपर्क मार्ग पर भीषण जाम लग गया। संपर्क मार्ग की पांच किमी़ दूरी तय करने में श्रद्धालुओं को घंटों लग गए। कोतवाली देहात थाने के प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम के निर्देश के अनुसार वाहनों को रोका जा रहा है।
हलियापुर में लगा 10 घंटे का जाम
सुल्तानपुर। अयोध्या-रायबरेली राजमार्ग पर हलियापुर कस्बे के पासमंगलवार भोर तीन बजे लंबा जाम लग गया। चार किमी की दूरी में वाहनों की कतारें लगी रहीं। दोपहर एक बजे वाहनों का आवागमन बहाल हुआ। जाम में गुजरात, महाराष्ट्र, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा समेत अन्य दूसरे राज्यों के श्रद्धालु फंसे रहे। कूरेभार कस्बे के आगे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास भी जाम लगा रहा।
लंभुआ में छह घंटे लगा जाम
लंभुआ (सुल्तानपुर)। मंगलवार सुबह छह बजे दियरा रोड अंडरपास व चांदा के कादीपुर अंडरपास होकर अयोध्या जाने वाले वाहनों को रोक दिया गया। करीब 12 बजे के बाद पुलिस ने अयोध्या और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की तरफ जाने वाले मार्ग पर आवागमन बहाल किया। श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि लंभुआ अंडरपास के पास यूपी 112 के वाहन खड़े कर पुलिस ने श्रद्धालुओं के वाहनों को घंटों रोके रखा। दोपहर बाद दोनों अंडरपास से आवागमन सामान्य होने के बाद हालात सुधरे।
मियागंज के पास लगा तीन घंटे का जाम
मोेतिगरपुर (सुल्तानपुर)। दियरा चौराहे से बगियागांव जाने वाली सड़क पर मियागंज के पास मंगलवार सुुबह करीब 10 बजे नहर की पुलिया पर जाम लग गया। करीब तीन घंटे बाद जाम खुल सका। श्रद्धालुओं ने बताया कि पुलिस ने रास्ता बदलवा दिया है। अधिकांश श्रद्धालु अयोध्या और वाराणसी जाने वालेे थे।
श्रद्धालुओं ने कहा, गुमराह कर रही पुलिस
जाम में फंसे श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि पुलिस कर्मी उन्हें सही रास्ता नहीं बता रहे हैं। उन्हें गांवों के गलत रास्ते बता दिए जा रहे हैं, जिससे उनका समय व पैसा दोनों नष्ट हो रहा है।
एसपी ने लिया जायजा
एसपी कुंवर अनुुपम सिंह ने मंगलवार को कोतवाली नगर के पयागीपुर व थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के भुलकी चौराहे पर श्रद्धालुओं के आवागमन का जायजा लिया। उन्होंने यातायात व्यवस्था में लगे पुलिस कर्मियो को जरूरी निर्देश भी दिए।