सुल्तानपुर। भाजपा सुल्तानपुर विधायक अपनी ही सरकार के अधिकारियों से खफा हो गए हैं। रविवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि वीसी (वीडियो कांन्फ्रेंसिंग) के बहाने अधिकारी मिलने का समय नहीं दे रहे हैं। अफसर फोन भी नहीं उठाते हैं। बैठक के दौरान अधिकारियों के पास कोई एजेंडा नहीं रहता है।
उन्होंने कहा कि पिछले महीने मंडलायुक्त अयोध्या के आने की जानकारी तत्कालीन सीडीओ की ओर से दी गई थी, लेकिन उनके आगमन के समय बैठक का कोई एजेंडा नहीं बताया गया। अधिकारियों का कार्यों के प्रति सोच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सामने सभी प्रकरणों को उठाया जाएगा। मांग की जाएगी कि जनप्रतिनिधियों से मिलने का समय निर्धारित किया जाना चाहिए। अतिक्रमण व काफी समस्याएं हैं। कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
अतिक्रमण व समस्याओं के खिलाफ वह जल्द ही अपने कॉलेज के छात्रों के साथ जुलूस निकालेंगे। उन्होंने मेडिकल कॉलेज की वजह से अस्तित्व विहीन होने जा रहे जिला अस्पताल व बल्दीराय तहसील क्षेत्र के 57 गांवों को सदर तहसील में शामिल करने व अन्य प्रकरणों को रखा। बताया कि हथियानाला पर विद्युत शवदाह गृह बनाए जाने की बात शासन में रखी गई है। बस स्टेशन को शहर के बाहर करने के कार्य में डीएम लगे हैं। विकास कार्य उनकी प्राथमिकता में है।