सांसद वरुण गांधी ने छत विहीन गरीबों के आशियाने का सपना साकार करने के लिए अनुकरणीय पहल की है। सांसद ने अपने वेतन व निजी स्रोतों से जिले में 100 गरीबों को आवास मुहैया कराने का बीड़ा उठाया है।
इसके तहत पहले चरण में 28 आवास बनकर तैयार हैं। सांसद 18 अक्तूबर को गरीबों को आवास की चाबियां देंगे। इसके लिए भाजपा ने गांवों में कार्यक्रम आयोजित किया है।
सांसद ने जिले में 100 आवास बनवाने का लक्ष्य रखा है। सांसद प्रतिनिधि सुशील त्रिपाठी ने बताया कि पहले चरण में सांसद के वेतन व निजी स्रोत से 28 आवास विभिन्न गांवों में बनकर तैयार हो गए हैं। दूसरे चरण में 30 व तीसरे चरण में शेष आवास बनवाने का लक्ष्य रखा गया है।
सांसद वरुण गांधी की ओर से बनवाए गए गरीबों के आवास में 15 गुुणे 12 का एक कमरा व एक बाथरूम है। प्रशासन की ओर से स्वच्छता कार्यक्रम के तहत एक शौचालय भी दिया गया है। सांसद की ओर से बनवाए जाने आवास पर सवा लाख रुपये खर्च आ रहा है।
गरीबों का आवास बनवाने के लिए सांसद की ओर से पात्रों की सूची पार्टी पदाधिकारियों से मांगी गई थी। इसके बाद उनके निजी सचिव के साथ एक टीम ने गांव में पहुंचकर पात्रता की छानबीन कर पात्रों का चयन किया था।
कार्य अच्छा कराने के लिए प्रत्येक गांव में एक प्रभारी व एक सहायक प्रभारी नामित किया गया था। आवास निर्माण के गुणवत्ता की गोपनीय सूचना के लिए भी एक व्यक्ति को अलग से नामित किया गया था। पात्र को भी सांसद व उनके निजी सचिव का मोबाइल नंबर दिया गया था।
सांसद के निजी सचिव नसीब सिंह ने बताया कि सुल्तानपुर में आवास का निर्माण पूरा होने के बाद सांसद की ओर से सूबे के अन्य जनपदों में भी गरीबों का आवास वेतन व निजी स्रोत से बनवाने की योजना है। इस योजना पर कार्य चल रहा है।