अलीगंज ( सुलतानपुर)। अलीगंज बाईपास की सर्विस लेन के किनारे से पैदल जा रहे वैन चालक को बृहस्पतिवार की देर रात अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में वैन चालक की मौके पर मौत हो गई।
ठाकुरगंज लखनऊ निवासी नसीर (50) वैन लेकर बृहस्पतिवार की रात वाराणसी से लखनऊ की तरफ जा रहा था। देर रात करीब दो बजे के कुड़वार थाना क्षेत्र के अलीगंज बाईपास पर बने सर्विस लेन के किनारे वह गाड़ी खड़ी करके उतरा था। सड़क पार करते समय उसे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे अलीगंज चौकी प्रभारी शिवम जनम यादव ने मृतक के परिवारीजनों को हादसे के बारे में जानकारी दी। दुर्घटनास्थल कुड़वार थाना क्षेत्र में होने की वजह से शव को कुड़वार पुलिस को सौंप दिया गया।