फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: शिक्षक की गिरफ्तारी के खिलाफ बवाल, पुलिस पर पथराव

Wed, 06 Sep 2023 11:29 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
कादीपुर (सुल्तानपुर)। कॉलेज में प्रधानाचार्य व शिक्षक के बीच हुए खूनी विवाद के बाद शिक्षक की गिरफ्तारी ने बवंडर खड़ा कर दिया। शिक्षक संगठनों समेत छात्र-छत्राएं शिक्षक की रिहाई के लिए सड़क पर उतर आए। जमकर हंगामा हुआ। पुलिस और प्रशासन की टीम पर पथराव हुआ। इसमें एसडीएम के ड्राइवर समेत कुछ लोगों को मामूली चोट आई और पुलिस वाहन के शीशे टूट गए।
विज्ञापन



श्री रामदेव पांडेय इंटर कॉलेज सरैया मुस्तफाबाद में मंंगलवार को पुराने विवाद को लेकर सहायक अध्यापक सतीश कुमार मिश्र का प्रधानाचार्य रघुनायक प्रसाद द्विवेदी व उप प्रधानाचार्य देवेंद्र मिश्र से विवाद हो गया था। इसमें प्रधानाचार्य और उप प्रधानाचार्य बुरी तरह घायल हो गए थे, साथ ही कॉलेज में तोड़फोड़ भी हुई थी।


प्रधानाचार्य एवं उप प्रधानाचार्य की तहरीर पर केस दर्ज कर कादीपुर कोतवाली पुलिस ने आरोपी सहायक अध्यापक सतीश मिश्र को गिरफ्तार कर लिया जबकि शिक्षक की तहरीर पर कोई केस दर्ज नहीं हुआ। इसके विरोध में कई शिक्षक संगठनों ने सुबह ही जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना शुरू कर दिया था।
विज्ञापन



उधर, शाम करीब चार बजे स्कूल बंद होने के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं ड्रेस में स्कूल के बाहर पहुंचे और सड़क जाम कर प्रदर्शन करने लगे। इन लोगों की मांग थी कि शिक्षक को तत्काल रिहा किया जाए। नहर पुल के पास दो स्थानों पर सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू होने की सूचना पाकर पुलिस बल के साथ एसडीएम भी मौके पर पहुंच गए।


अधिकारियों ने विद्यार्थियों को काफी समझाने का प्रयास किया। इतने में विद्यार्थियों ने एसडीएम महेंद्र श्रीवास्तव व पुलिस टीम पर पानी फेंक दिया। इस पर सख्ती दिखाते हुए पुलिस ने चार विद्यार्थियों को हिरासत में ले लिया। उन्हें लेकर पुलिस कादीपुर कोतवाली की तरफ जाने लगी तो नाराज विद्यार्थियों ने पुलिस टीम पर पथराव किया। इसमें एक पुलिस वाहन का शीशा टूट गया।


वहीं एसडीएम कादीपुर महेंद्र श्रीवास्तव के ड्राइवर रमा शंकर यादव को पत्थर लगने से वह मामूली रूप से घायल हो गए। पथराव के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। छात्र जब भाग निकले तो दर्जनों छात्राएं कोतवाली कादीपुर की ओर बढ़ गईं। यह पता चलते ही एएसपी विपुल श्रीवास्तव कादीपुर कोतवाली पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने रास्ते में अंदारायपुर गांव के पास प्रदर्शन कर रहीं छात्राओं को समझा-बुझाकर शांत कराया।




चार घंटे छूटे पुलिस-प्रशासन के पसीने
कॉलेज के विवाद में छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन और विरोध शाम चार बजे से रात करीब साढ़े आठ बजे तक चला। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भी लगातार स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में रहे।





सीओ कादीपुर को सौंपी गई जांच
हिरासत में लिए गए छात्राें को छोड़ दिया गया है। प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शांत करवा दिया गया है। इस मामले की जांच सीओ कादीपुर को दी गई है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मुस्तफाबाद सरैया में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस तैनात की गई है।
- विपुल श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक, सुल्तानपुर



डीआईओएस ने बनाई दो सदस्यीय जांच कमेटी
सरैया मुस्तफाबाद के कॉलेज में उठे विवाद की जांच के लिए डीआईओएस रविशंकर ने दो प्रधानाचार्यों की कमेटी गठित कर दी है। उन्होंने बताया कि जीआईसी के प्रधानाचार्य विजय सिंह तथा भदैया के राजकीय हाईस्कूल के प्रधानाचार्य राजकरन तिवारी इस मामले की जांच करके रिपोर्ट देंगे। उसी अनुरूप विभागीय कार्रवाई की जाएगी।


शिक्षक के समर्थन में उतरे शिक्षक संगठन
माध्यमिक शिक्षक संघ संयुक्त मोर्चा के बैनर तले बुधवार को तीन संगठनों ने कलेक्ट्रेट गेट पर धरना दिया। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट के अध्यक्ष अशोक सिंह ने जिलाधिकारी और पांडेय गुट के अध्यक्ष राजबहादुर पाठक के नेतृत्व में डीआईओएस को ज्ञापन सौंपा। उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र की अगुवाई में एएसपी को ज्ञापन सौंपा गया। संयुक्त मोर्चा के सदस्यों ने धरने के दौरान कहा कि अगर आदर्श शिक्षक सतीश मिश्र को एकपक्षीय कार्यवाही करते हुए जेल भेजा जाता है तो आठ सितंबर को जिले के सभी शिक्षक, कर्मचारी और बच्चे कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे और जेल भरो आंदोलन करेंगे। धरने में विजय प्रकाश मिश्र, दिनेश कुमार यादव व रमेश चंद्र त्रिपाठी आदि शामिल रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें