सुल्तानपुर। हावड़ा से देहरादून जाने वाली उपासना अप एक्सप्रेस का संचालन बुधवार को तय समय से करीब 14 घंटे की देरी से किया गया। हिमगिरि अप, श्रमजीवी अप, कुंभ डाउन समेत छह प्रमुख ट्रेनें तय समय से कई घंटे की देरी से रवाना की गईं। भीषण गर्मी में प्रमुख ट्रेनों के संचालन में देरी होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
गर्मी के समय में आए दिन रूट की प्रमुख ट्रेनों के संचालन में देरी यात्रियों के लिए मुसीबत बन गई है। हावड़ा से देहरादून तक जाने वाली उपासना अप एक्सप्रेस बुधवार को तय समय से करीब 14 घंटे विलंब से रवाना की गई। वाराणसी-जम्मूतवी बेगमपुरा अप एक्सप्रेस तय समय से करीब एक घंटे की देरी से रवाना की गई। हावड़ा से जम्मूतवी तक जाने वाली हिमगिरि अप एक्सप्रेस का संचालन तय समय से करीब तीन घंटे विलंब से किया गया।
राजगीर-नई दिल्ली श्रमजीवी अप एक्सप्रेस तय समय से करीब पौने दो घंटे की देरी से रवाना की गई। जोधपुर-वाराणसी मरुधर डाउन एक्सप्रेस का संचालन तय समय से करीब एक घंटे विलंब से किया गया। हरिद्वार से हावड़ा तक जाने वाली कुंभ सुपर फास्ट डाउन एक्सप्रेस तय समय से करीब छह घंटे विलंब से रवाना की गई। भीषण गर्मी में ट्रेनों के संचालन में देरी से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक बीएस मीना ने बताया कि लंबी दूरी की कुछ ट्रेनें बुधवार को काफी विलंबित रहीं।