सुल्तानपुर के इंटर कॉलेज में छात्र का नाम काटे जाने पर शिक्षक और परिजनों के बीच जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर एफआईआर दर्ज कराई है और मामले की जांच जारी है।
सुल्तानपुर में बल्दीराय के श्री भीषमशाह इंटर कॉलेज भवानीगढ़, रैंचा में बुधवार को अनुशासनहीनता के आरोप में कक्षा-12 के छात्र अनुराग उपाध्याय का नाम काटने पर विवाद हो गया। कॉलेज परिसर में शिक्षक और छात्र के साथ ही उनके परिजनों के बीच मारपीट हो गई। प्रधानाचार्य व अन्य शिक्षकों के हस्तक्षेप पर मामला शांत हुआ। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
विज्ञापन
प्रधानाचार्य गिरिजा शंकर तिवारी के मुताबिक, अनुराग उपाध्याय निवासी पूरे हरिवंश रैंचा कक्षा 12 का छात्र था। उसका नाम अनुशासनहीनता के आरोप में बीते आठ दिसंबर को रजिस्टर से काट दिया गया और अभिभावक के साथ आने के लिए कहा गया।
आरोप है कि अनुराग बुधवार को छह-सात लोगों के साथ विद्यालय में घुस गया और कक्षा में जाकर क्लास टीचर को गाली दी। बीच-बचाव करने में छात्र व उसके साथ आए अन्य लोगों ने क्लास टीचर राम सुमिरन यादव को पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और पिटाई करने लगे।
विज्ञापन
रोकना चाहा...तो पीटने लगे
शिक्षक महेश यादव व प्रधानाचार्य गिरजा शंकर तिवारी ने रोकने की कोशिश की, तो उन लोगों ने उन पर हमला कर दिया। छात्रों व अन्य शिक्षकों ने किसी तरह से बीच-बचाव किया। प्रकरण की जानकारी पर पहुंची बल्दीराय पुलिस ने उन लोगों को विद्यालय से हटाया।
वहीं, आरोपी छात्र अनुराग के बड़े भाई प्रवीण उपाध्याय ने आरोप लगाया कि बुधवार सुबह करीब 10 बजे उन्हें फोन से जानकारी मिली कि उनके छोटे भाई अनुराग का कक्षा 12 से नाम काट दिया गया है। प्रवीण अपने छोटे भाई सत्यम के साथ अनुराग का नाम लिखवाने विद्यालय पहुंचे।
आरोप है कि वहां प्रधानाचार्य गिरिजा शंकर तिवारी, कक्षा अध्यापक राम सुमिरन यादव, चपरासी शिव बोध पांडेय व चार अन्य लोगों ने उन पर हमला कर पिटाई की। बल्दीराय थाने के प्रभारी निरीक्षक नारद मुनि सिंह ने बताया कि प्रधानाचार्य की तहरीर पर अनुराग, छह-सात अज्ञात और प्रवीण उपाध्याय की तहरीर पर प्रधानाचार्य, कक्षा अध्यापक, चपरासी, अन्य चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मारपीट की योजना बनाकर आए थे परिजन
प्रधानाचार्य गिरजा शंकर तिवारी ने बताया छात्र व परिजन मारपीट की योजना बनाकर आए थे, हम समझा रहे थे, तभी वे सब शिक्षक से भिड़ गए। डीआईओएस को पूरी रिपोर्ट शुक्रवार को दी जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह ने बताया कि श्री भीषमशाह इंटर कॉलेज भवानीगढ़, रैंचा में मारपीट की जानकारी मिली है। प्रधानाचार्य से पूरी रिपोर्ट मांगी गई है।