सुल्तानपुर में बस चालक को पीटा
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
सुल्तानपुर में अयोध्या-प्रयागराज हाइवे पर टांटिया नगर चौकी से कुछ ही दूरी पर शुक्रवार की शाम लालगंज डिपो के बस के चालक को पीटा गया। बस पर पथराव किया गया। अराजकतत्वों ने बस के शीशे तोड़ दिए। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उपद्रवियों को छोड़कर एक समिति के कुछ युवाओं को हिरासत में ले लिया, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है। यह घटना सैदपुर गांव के सामने सड़क पर हुई।
चालक संतोष कुमार ने बताया कि जब वह अपनी बस से जा रहे थे, तब उन्होंने सड़क किनारे खड़ी एक गाड़ी के मालिक से उसे हटाने को कहा। इस बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर गाड़ी मालिक ने संतोष कुमार पर हमला कर दिया। कुछ देर बाद टांटिया नगर के पास 5-6 अन्य लोग भी वहां आ गए। उन्होंने संतोष कुमार व उनके साथ मौजूद परिचालक विशेष प्रताप यादव पर हमला कर दिया।
बस का शीशा तोड़ा
हमलावरों ने संतोष कुमार के साथ मारपीट की। उनकी टी-शर्ट फाड़ दी। बस का शीशा भी तोड़ दिया। चालक ने जैसे-तैसे बस को रोका, तब तक पीछे से आए अन्य अराजकतत्वों ने बस पर पथराव कर दिया, जिससे बस के आगे और यात्री सीट के पास के कई शीशे टूट गए।
इसके अलावा, अराजकतत्वों ने परिचालक से टिकट मशीन छीनकर उसे तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद उपद्रवी बाइक पर सवार होकर भाग निकले। घटना की सूचना मिलने के बाद गोसाईंगंज थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी टांटिया नगर और डायल 112 की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने अराजक तत्वों को पकड़ने के बजाय पूजा समिति पर काम कर रहे युवकों को हिरासत में ले लिया। इस संबंध में थाना प्रभारी राम आशीष उपाध्याय ने बताया कि तहरीर के आधार पर अभियोग दर्ज किया जा रहा है।