देश में राजनीति के हावी रहते राम मंदिर का निर्माण संभव नहीं है। इसके लिए हिंदू समाज को ही एकजुट होने की आवश्यकता है। ये बातें जगदगुरु वासुदेवानंद सरस्वती महाराज ज्योर्तिलिंग पीठाधीश्वर बद्रिकाश्रम ने कहीं।
वे बुधवार को क्षेत्र के कल्याणपुर स्थित स्वामी परमहंस आश्रम में निर्मित पंचदेव मंदिर की मूर्ति के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश के सभी हिंदुओं को एकजुटता दिखाकर मंदिर निर्माण करवाना चाहिए। जब तक देश के राजनेता हस्तक्षेप करते रहेंगे, राम मंदिर निर्माण में अड़चनें आती रहेंगी। यह सही है कि राम मंदिर का निर्माण होगा लेकिन कब होगा, इसका समय निश्चित नहीं है।
इस मौके पर टीकरमाफी आश्रम के स्वामी हरि चैतन्य महाराज, फलाहारी मौनी महाराज समेत कई संत-महात्मा मौजूद रहे। जगदगुरु वासुदेवानंद सरस्वती महाराज का स्वामी परमहंस आश्रम जाते समय-जगह स्वागत किया गया।
क्षेत्र के गोगमऊ स्थित जय मां विंध्यवासिनी धाम पर ग्राम प्रधान अनिल मिश्र की अगुवाई में उनका स्वागत किया। वहीं कस्बे में मां दुर्गा मंदिर पर ब्लॉक प्रमुख नफीस अहमद ने भी साथियों के साथ स्वामी जी को माला पहनाकर आशीर्वाद लिया।