अखंडनगर दुकान में घुसी ट्रक व जमा भीड़।
अखंडनगर (सुल्तानपुर)। कादीपुर से अखंडनगर आ रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर अलीपुर बाजार में दो मकानों में घुस गया। जिससे दोनों मकानों में छह लोग घायल हो गए। गाय और बछिया की दबकर मौत हो गई। ट्रक चालक और क्लीनर मौके से भाग निकले, ट्रक पुलिस बल निकलवाने में जुटा था।
कादीपुर-अखंडनगर मार्ग पर अखंडनगर से करीब छह किलोमीटर पहले रोड के किनारे दो सगे भाइयों जयप्रकाश विश्वकर्मा और ज्ञान प्रकाश विश्वकर्मा का मकान है। सोमवार रात करीब पौने नौ बजे कादीपुर से आ रहा एक ट्रक अचानक इन घरों में आ घुसा। तेज आवाज के साथ हुए इस हादसे के तुरंत बाद ड्राइवर व क्लीनर ताे भाग गए। लेकिन वहां भारी भीड़ जमा हो गई। दीवार तोड़कर घर के अंदर तक ट्रक पहुंच जाने से छह लोग घायल हो गए।
ज्ञान प्रकाश के घर में चाट की दुकान करने वाले रमापति तिवारी, उनका 14 वर्षीय बेटा किशन और एक ग्राहक चंदन पुत्र विनोद निवासी पिपरीपट्टी घायल हो गए। जबकि जयप्रकाश के मकान में खुद जयप्रकाश को हल्की चोट आई। जबकि उनकी मां उमा देवी 58 वर्ष और छोटा भाई वीरेंद्र भी घायल हो गया। ट्रक के नीचे आने से उनकी एक गाय और बछिया की वहीं मौत हो गई। ट्रक इतनी तेजी से घर में घुसा कि वहां चक्की से लेकर चारा मशीन और बाइक तक सब बुरी तरह टूट गए। अखंडनगर थानाध्यक्ष तनवीर खान ने बताया कि ट्रक को मकान से निकाला जा रहा है। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भेजा गया है। स्थिति सामान्य होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।