अमेठी। बाइक सवार मामा और भांजे को मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में घायल दोनों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने भांजे को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
जामों थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव निवासी रामजनम (22) पुत्र छोटेलाल मंगलवार को अपने भांजे तेजभान (18) पुत्र उदय प्रताप निवासी मियाशाह का पुरवा थाना जगदीशपुर के साथ बाइक से बाजार जा रहे थे।
दोनों जामों कस्बे में पहुंचे थे। कस्बे में बाइक सड़क किनारे खड़ी करके राम जनम किसी से बात कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार पिकअप ने राम जनम और तेजभान को टक्कर मार दी।
दुर्घटना में घायल दोनों को स्थानीय लोगों ने सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तेजभान को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। पुलिस ने वाहन चालक को पकड़ लिया है।