पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के कालीगंज अंडरपास पर हादसे के बारे में ग्रामीणों से जानकारी लेती पुलिस।
सेमरी बाजार। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के लिंक रोड पर कालीगंज अंडरपास के पास शनिवार अपराह्न तीन बजे एसयूवी की चपेट में आकर बाइक सवार मामा अमित और भांजे रघुवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को विरसिंहपुर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई।
जयसिंहपुर के देवपरापार निवासी अमित (22) अपने भांजे रघुवीर (20) निवासी इटकौली, गोसाईगंज के साथ बाइक से गोशैसिंहपुर बाजार गए थे। अपराह्न करीब तीन बजे दोनों बाजार से घर लौट रहे थे। बाइक अमित चला रहे थे। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के लिंक मार्ग स्थित कालीगंज अंडरपास के पास पहुंचे थे, तभी सामने से आ रही एसयूवी (फॉर्च्यूनर) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद एसयूवी चालक मौके से वाहन सहित भाग निकला। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को विरसिंहपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर आरके चतुर्वेदी और कोतवाल प्रमोद कुमार मिश्र पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुई बाइक को कब्जे में लिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। अमित और रघुवीर दोनों ही मजदूरी करके अपने परिवारों का भरण-पोषण करते थे। अमित चार भाई-बहनों में छोटे थे, जबकि रघुवीर तीन भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर पर थे। रघुवीर पर परिवार के भरण-पोषण की पूरी जिम्मेदारी उसी पर थी।