लंभुआ के धोपाप घाट के निकट गोमती नदी में डूबे किशोर की तलाश करती एसडीआरएफ की टीम व गोताखोर।
लंभुआ (सुल्तानपुर)। गंगा दशहरा त्योहार पर बृहस्पतिवार को दोस्तों के साथ गोमती नदी में स्नान कर रहे दो किशोर डूब गए। एसडीआरएफ टीम ने एक किशोर को बचा लिया, जबकि दूसरे को 30 मिनट बाद अचेत हालत में पानी से निकाला। बाद में उसकी मौत हो गई।
कादीपुर के राईबीगो निवासी उमाशंकर चौरसिया का बेटा आकाश (17) कुछ दोस्तों के साथ धोपाप में स्नान करने आया था। नदी पार कर सभी दोस्त लंभुआ क्षेत्र की तरफ आ गए थे। इसके बाद रामघाट पर नहाने के लिए गोमती नदी में उतरे थे। तभी आकाश और ननिहाल आए मोहम्मद वाजिद अली (15) गोमती नदी में डूबने लगे। हल्ला-गुहार पर गश्त कर रही एसडीआरएफ टीम व स्थानीय गोताखोर पहुंचे। वाजिद को एसडीआरएफ टीम ने बचा लिया। आकाश गहरे पानी में डूब गया।
एसडीआरएफ टीम व स्थानीय गोताखोर डूबे आकाश की तलाश में जुट गए। करीब 30 मिनट बाद गोताखोरों ने बेहोशी की हालत में नदी से बाहर निकाला। किशोर को पहले लंभुआ सीएचसी व बाद में मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। आकाश अपने चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। आकाश के पिता उमाशंकर चौरसिया सूरत में रहकर पान का व्यापार करते हैं। आकाश एक कंपनी में ऑनलाइन डिलीवरी का काम करता था।