सुल्तानपुर। हाईकोर्ट की ग्रुप सी लिपिक संंवर्ग की परीक्षा के दौरान शनिवार को जिले के दो केंद्रों से दो साॅल्वरों को दबोचा गया। दोनों बायोमीट्रिक जांच में पकड़े गए हैं। पुलिस दोनों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
एक मामला कोतवाली नगर तो दूसरा मामला कोतवाली कादीपुर का है। उच्च न्यायालय के ग्रुप सी लिपिक संवर्ग की दो दिवसीय परीक्षा शनिवार को जिले के विभिन्न केंद्रों पर हुई। पहले दिन की द्वितीय पाली की परीक्षा में कोतवाली नगर के जीडी गोयनका स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। यहां पर एक सॉल्वर को क्लास रूम में पकड़ा गया।
स्कूल की प्रिंसिपल डॉ़ रत्ना पांडेय ने बताया कि जौनपुर जिले के निभापुर थाना के कबीरपुर निवासी उमेश पाल के स्थान पर मऊ जिले के थाना किरात सराय स्थित कस्बा निवासी प्रवीण पाल परीक्षा देने पहुंचा था। उसे बायोमीट्रिक सुपरवाइजर अंजन कुमार यादव ने पकड़ा। आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
वहीं, रणवीर राजकुमार इंटर कॉलेज बरवारीपुर कादीपुर में द्वितीय पाली की परीक्षा में सचिन कुमार सरोज निवासी सकरदहा थाना बाघराज, जिला प्रतापगढ़ के स्थान पर फर्जी आधार कार्ड के जरिए परीक्षा दे रहे संतोष कुमार निवासी मेघपुर थाना खुदहा, जिला औरंगाबाद बिहार को तकनीकी टीम ने पकड़ा।
आरोपी ने बताया कि वह सचिन कुमार सरोज की जगह 10 हजार रुपये में परीक्षा देने कादीपुर आया था। यहां के प्रधानाचार्य सुभाष चंद्र यादव की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। एएसपी अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
दो पालियों में हुई परीक्षा
हाईकोर्ट की लिपिक संवर्ग की परीक्षा शनिवार को दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली में चार परीक्षा केंद्र बनाए गए है। जिसमें 1783 परीक्षार्थियोें के सापेक्ष 1173 उपस्थित रहे। दूसरी पाली की परीक्षा 21 केंद्रों पर हुई। जिसमें पंजीकृत 10945 के सापेक्ष 8,021 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। जिला विद्यालय निरीक्षक रविशंकर ने बताया कि परीक्षा रविवार को भी होगी। पहली पाली में दो व दूसरी पाली में 31 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।