फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: योजना का झांसा देकर दो प्रसूता से नौ हजार की ठगी

Thu, 26 Feb 2026 12:02 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
लंभुआ। साइबर ठगों ने बुधवार को एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के मोबाइल नंबर के जरिये काॅन्फ्रेंस करके दो प्रसूताओं को निशाना बनाया। सरकारी योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर साइबर ठग ने बातचीत में उलझाकर दोनों महिलाओं से नौ हजार रुपये की ठगी की। जब बैंक खाते से रकम कटी तो महिलाओं के होश उड़ गए।
विज्ञापन

लंभुआ नगर पंचायत के शिवनगर मोहल्ले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रामरती बीएलओ भी हैं। उनके मुताबिक बुधवार सुबह उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। बताया कि लखनऊ से डॉक्टर बोल रहा हूं। हमें प्रसूता लाभार्थियों से बात करनी है। फोन करने वाले ने व्यक्ति ने कहा कि महिलाओं को सरकारी सहायता ठीक से मिल रही है या नहीं, इसी विषय में बातचीत करना है। आरोप है कि झांसे में आकर रामरती ने कॉन्फ्रेंस के जरिये शिवनगर निवासी जितेंद्र की पत्नी वंदना व आशीष पांडेय की पत्नी प्रीति से बात कराया। साइबर ठग ने दोनों के नाम व मोबाइल नंबर की पुष्टि करके उनसे बात शुरू की।
आरोपी ने पहले वंदना से कहा कि डॉक्टर बोल रहा हूं। आपको योजना के लाभ के रुप में 12,000 रुपये मिलना है। जिसमें से 1,400 रुपये भेज दिए गए हैं। अभी 10,600 रुपये भेजना है। आपके मोबाइल पर एक लिंक भेजी गई है। उसे भरकर ओटीपी डाल दीजिए। वह बची रकम आपको भेजी जा सके। वंदना ने जैसे ही लिंक खोला तभी उनके खाते से 4104 रुपये निकल गए। प्रीति के खाते से 4759 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ितों ने प्रकरण की शिकायत लंभुआ पुलिस से की है। लंभुआ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार ने बताया कि ठगी की जानकारी है। 1930 पर कॉल किया गया है। जांच की जा रही है।
विज्ञापन


सतर्कता से बची अन्य महिलाएं
साइबर ठग ने बुधवार को शिवनगर निवासी कोमल, नीरज, नेहा, संयोगिता, शिक्षा व विमलेश कुमारी के पास फोन किया था। सजग होने के नाते वह सभी साइबर ठगी का शिकार होने से बच गईं।

अनजान लिंक व कॉल से रहें सचेत
अनजान लिंक व फोन पर बिल्कुल विश्वास मत करिए। कहीं से यदि आपके मोबाइल पर संदिग्ध कॉल व लिंक कोई भी भेज रहा है तो उसके बारे में तत्काल पुलिस को सूचित करें। तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

-अखंडदेव मिश्र, प्रभारी निरीक्षक, साइबर थाना
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें