सुल्तानपुर। अयोध्या मंडल की सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम 23 से 29 अक्तूबर तक आजमगढ़ में होने वाली प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेगी। टीम में जिले के दो खिलाड़ी भी शामिल किए गए हैं। यह प्रतियोगिता पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही है।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अयोध्या ने आजमगढ़ के क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी को टीम भेजने की सूचना दी है। टीम में कुल 16 खिलाड़ी और तीन आरक्षित खिलाड़ी हैं। जिला क्रीड़ा अधिकारी राजेश कुमार सोनकर ने बताया कि जिले से प्रतीक वर्मा को मुख्य टीम में जगह मिली है। वहीं, अमन चतुर्वेदी को आरक्षित खिलाड़ी के तौर पर शामिल किया गया है। टीम का प्रबंधन मृत्युंजय सिंह करेंगे। उन्हें टीम को आजमगढ़ ले जाने और वापस लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।