अमेठी। शहर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गली स्थित एक सर्राफ की दुकान से शातिरों ने मंगलवार दोपहर दिन दहाड़े दो लाख रुपये उड़ा दिए। पुलिस व्यवसायी की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के जरिए जांच में लगी है।
कोतवाली क्षेत्र के कस्बा रायपुर फुलवारी मोहल्ला निवासी अरविंद कुमार सोनी ककवा रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वाली गली में अरविंद ज्वेलर्स के नाम से दुकान करते हैं।
मंगलवार दोपहर अरविंद का बेटा उत्कर्ष सोनी नौकर के साथ दुकान खोल कर बैठा था। इसी बीच दो युवक ग्राहक बनकर दुकान के पास पहुंचे। उसमें से एक युवक दुकान के अंदर दाखिल होकर उत्कर्ष सोनी से चांदी की ताबीज दिखाने को कहा।
उत्कर्ष ताबीज दिखाने के बाद उसकी तौल कराने के लिए बगल वाली दुकान पर चला गया। दीपावली पर्व पर लक्ष्मी गणेश के पूजन के साथ तुला का भी पूजन हुआ था। पूजन में अरविंद ने लक्ष्मी गणेश की प्रतिमा पर दो लाख रुपये की एक गड्डी रखी थी, जो वहीं खुले में पड़ी थी।
दुकान के अंदर बैठे शातिर युवक की नजर लक्ष्मी गणेश की प्रतिमा पर चढ़ाई गड्डी पर पड़ी। आरोप है कि जैसे ही उत्कर्ष दुकान के बाहर निकला बाहर खड़े युवक ने नौकर को बुलाया और मेडिकल स्टोर का पता पूछने लगा।
इसी बीच दुकान के अंदर बैठे युवक ने लक्ष्मी गणेश प्रतिमा के पास रखी दो लाख रुपये की गड्डी उड़ा दी। बाद में उसने उत्कर्ष से चांदी की ताबीज ली और बदले में 80 रुपये दिए।
उसके बाद दोनों वहां से फरार हो गए। उत्कर्ष की नजर जब लक्ष्मी गणेश की प्रतिमा पर पड़ी तो वहां रखी दो लाख रुपये की गड्डी गायब थी। उत्कर्ष ने मामले की सूचना अपने पिता अरविंद कुमार और पुलिस को दी।
सूचना के बाद यूपी 100 मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज देखने के बाद आरोपियों की धर-पकड़ के प्रयास में लगी है। प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर ने बताया कि पीड़ित व्यवसायी की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है।