सुल्तानपुर। लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर स्थित शेषपुर गांव के पास दीपावली की रात में साइकिल सवार से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई। हादसे में घायल तीनों युवकों को पुलिस कर्मियों ने सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित करते हुए दो युवकों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल पहुंचने पर दूसरे युवक की भी मौत हो गई जबकि तीसरे युवक को चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया है।
कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के शेषपुर गांव के पंचायत भवन के पास बीते रविवार की रात करीब साढ़े आठ बजे सड़क किनारे साइकिल लेकर खड़े युवक से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई।
हादसे में साइकिल सवार के साथ ही बाइक सवार दो अन्य युवक भी घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने सीएचसी पहुंचाया, जहां उनकी पहचान सुरेश कुमार (24) पुत्र राधेश्याम निषाद, मान बहादुर (28) पुत्र राम सेवक निषाद निवासी खैरहा थाना मोतिगरपुर और सुभाष (18) पुत्र बहादुर निवासी खरगूपुर कोतवाली कादीपुर के रूप में की गई।
सीएचसी पर तैनात चिकित्सकों ने सुभाष को मृत घोषित कर दिया, जबकि मान बहादुर और सुरेश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस कर्मी दोनों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने सुरेश को भी मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मान बहादुर को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है।