सुल्तानपुर। बैंकों के निजीकरण के प्रस्ताव के विरोध में बैंकों की हड़ताल मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। जिले की 188 बैंक शाखाओं में जमा, निकासी, चेक क्लीयरेंस समेत अन्य तरह का कामकाज प्रभावित रहा। बैंक की हड़ताल की वजह से खाताधारकों को दिन भर परेशानी का सामना करना पड़ा। दो दिनों की हड़ताल में करीब 300 करोड़ रुपये का लेन-देन प्रभावित हुआ।
सरकारी बैंकों के निजीकरण के विरोध में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन जिले के सभी बैंकों में हड़ताल रही। पब्लिक सेक्टर के नौ बैंकों की यूनियन, यूनाइडेट फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने इस हड़ताल का एलान किया है।
यूएफबीयू व यूनाइटेड फोरम ऑफ आरआरबी यूनियन की ओर से आयोजित दो दिवसीय हड़ताल के दूसरे दिन भी जिले की सभी 188 शाखाओं में सामान्य बैंकिंग पूरी तरह से ठप रही। यूनाइटेड फोरम के बैनर तले जुटे सैकड़ों बैंक कर्मचारियों नें जगह-जगह विरोध प्रदर्शन किए।
हड़ताल के चलते सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में जमा, निकासी, चेक क्लीय रेंस समेत अन्य कामकाज प्रभावित हुआ। इससे खाताधारकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यूपी बैंक इंप्लाइज यूनियन बैंक के चेयरमैन/संरक्षक व बैंक ऑफ बड़ौदा स्टाफ एसोसिएशन के प्रांतीय उपाध्यक्ष आरसी शुक्ल ने बताया कि दो दिनों की हड़ताल से बैंकों में करीब 300 करोड़ का व्यवसाय प्रभावित रहा।
कई बैंकों के कर्मचारियों ने किया हड़ताल का समर्थन
सुल्तानपुर। क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक के नगर में स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के सामने चल रहे धरने में अन्य बैंकों के नेता भी शामिल हुए। जिले के ग्रामीण इलाकों में भी बैंक शाखाओं में ताले बंद रहे।
हड़ताली ग्रामीण बैंक कर्मचारियों ने नगर में स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के समक्ष दिन भर धरना-प्रदर्शन किया। नेशनल फेडरेशन ऑफ आरआरबी इंप्लाइज के महासचिव शिवकरन द्विवेदी ने कहा कि भारत सरकार देश के कीमती सार्वजनिक उपक्रमों को निजीकरण की राह पर ले जा रही है। धरने का संचालन इंप्लाइज यूनियन क्षेत्रीय सचिव सुरेंद्र पांडेय ने किया।
धरने को ऑफिसर एसोसिएशन के अध्यक्ष बीपी उपाध्याय तथा इंप्लाइज यूनियन के अध्यक्ष आनंद तिवारी, राम कृष्ण पांडेय, संजय पाठक, सुरेश सिंह, अरुण सिंह ने संबोधित किया। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के सैकड़ों बैंक कर्मचारियों ने जिला संयोजक अशोक शुक्ला के नेतृत्व में भारतीय स्टेट बैंक के समक्ष इकट्ठा होकर प्रदर्शन किया।
विरोध प्रदर्शन में केनरा बैंक स्टाफ एसोसिएशन के डीडी तिवारी, एएमयू के जिलाध्यक्ष आलोक सिंह, सचिव अजय, संजीव यादव, शारदा पांडेय समेत बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी शामिल रहे।
ग्रामीण क्षेत्रों में परेशान हुए खाताधारक
भदैंया। क्षेत्र में बीओबी, ग्रामीण बैंक, सेंट्रल बैंक, इलाहाबाद बैंक की शाखाओं में मंगलवार को ताले लगे होने से बैंक ग्राहकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। हनुमानगंज के बीओबी शाखा में बाहर से चैनल में ताला बंद होने से खाताधारकों को लेनदेन में परेशानी हुई।
हनुमानगंज की ग्रामीण बैंक शाखा में वार्षिक ऑडिट का काम सोमवार व मंगलवार को शाखा के अंदर जारी रहा। मंगलवार को बैंक के चैनल को खुला देखकर निजीकरण का विरोध कर रहे बड़ौदा यूपी बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन सुल्तानपुर के क्षेत्रीय सचिव अनुपम गोस्वामी व क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य वैभव शुक्ला ने बैंक पहुंचकर शाखा प्रबंधक से हड़ताल में शामिल होनेे और बैंक में चल रहे ऑडिट कार्य पर विरोध जताया।
चार दिन बाद आज खुलेंगे बैंक
सुल्तानपुर। बैंक कर्मचारियों की दो दिवसीय हड़ताल सोमवार से शुरू हुई। मंगलवार को हड़ताल का दूसरा दिन रहा। इसके पहले शनिवार व रविवार को बैंक छुट्टियों की वजह से बंद थे। दूसरा शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश की वजह से बैंकों में छुट्टियां थी। सोमवार व मंगलवार का दिन हड़ताल में चला गया। चार दिन के बाद बुधवार को बैंक शाखाएं नियमित खुलेंगी।