सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत सात लोग घायल हो गए। दोस्तपुर थाना क्षेत्र में बढ़ौली गांव के पास किलोमीटर 162.7 पर आर्टिगा और स्विफ्ट डिजायर कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले दोनों लोग बिहार के निवासी थे। घायलों को सीएचसी दोस्तपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आर्टिगा कार आजमगढ़ से लखनऊ की ओर जा रही थी। इसी दौरान लखनऊ से गाजीपुर की तरफ जा रही स्विफ्ट डिजायर कार कथित तौर पर गलत दिशा में आ गई। इसके बाद दोनों कारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में सवार लोग घायल हो गए।
बिहार के दो लोगों की मौके पर मौत
हादसे में स्विफ्ट डिजायर कार सवार श्याम बिहारी सिंह (62) पुत्र टिक्कू सिंह और अजय कुमार गुप्ता (40) पुत्र देवेंद्र, निवासी बिहार की मौके पर ही मौत हो गई। इसी कार में सवार कन्हैया पुत्र ध्यान सिंह और अशोक कुमार यादव निवासी बेतिया, बिहार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी दोस्तपुर में प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर कर दिया गया।
दूसरी ओर, आर्टिगा कार में सवार रीता (45) पत्नी राजेश कुमार, उनकी बेटियां दीक्षा (18) और दीपशिखा (21), गरिमा (25) पुत्री विनोद तथा संदीप यादव (30) पुत्र सुरेश यादव, निवासी कलदपुर, आजमगढ़ घायल हो गए। सभी घायलों का सीएचसी दोस्तपुर में उपचार किया गया।
बेटे की शादी के लिए खरीदारी करने जा रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, रीता के बेटे की शादी नवंबर में होनी है। परिवार शादी की खरीदारी करने के लिए लखनऊ जा रहा था। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हादसा हो गया और खुशियों की तैयारी के बीच परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीएचसी दोस्तपुर में अधीक्षक डॉ. अजीत, डॉ. आरके पांडेय और डॉ. आज्ञाराम यादव ने घायलों का उपचार किया। राहत एवं बचाव कार्य में दोस्तपुर के क्राइम इंस्पेक्टर सूबेदार यादव और उपनिरीक्षक अनूप सिंह भी शामिल रहे।