जिले में पड़ रही ठंड अब अपना रौद्र रूप दिखा रही है। बृहस्पतिवार की सुबह क्लास रूम में बैठकर पढ़ रहे दो छात्रों को ठंड लग गई। आनन-फानन में शिक्षकों ने छात्रों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद बच्चों को उनके परिवारीजनों को बुलाकर घर भेज दिया गया।
बल्दीराय थाना क्षेत्र के इसौली प्राथमिक विद्यालय में गांव का ही नीरज (9) कक्षा पांच का छात्र है। बृहस्पतिवार की सुबह वह विद्यालय पहुंचा था। नीरज क्लास रूम में सहपाठियों के साथ बैठकर पढ़ रहा था तभी उसे ठंड लग गई और वह लेट गया। क्लास रूम में मौजूद शिक्षक आनन-फानन में नीरज को लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। दूसरी तरफ अखंडनगर थाना क्षेत्र के जफरपुर गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय में गांव का ही प्रिंस कक्षा चार में पढ़ता है।
बृहस्पतिवार की सुबह प्रिंस क्लास रूम में बैठकर पढ़ रहा था अचानक उसे उल्टी होने लगी। शिक्षक प्रिंस को लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्रिंस का उपचार किया। चिकित्सकों की मानें तो प्रिंस को ठंड लग गई थी, जिसकी वजह से उसे उल्टियां हुईं। उपचार के बाद प्रिंस को घर वालों को बुलाकर घर भेज दिया गया।