सुल्तानपुर। पूरे विश्व में महामारी का रूप ले चुके कोरोना वायरस को जिले का स्वास्थ्य विभाग मात देने की तैयारी में लगा है। जिले में 2500 आशा बहुएं घर-घर दस्तक देकर लोगों को कोरोना से बचाव की जानकारी देंगी।
साथ ही लोगों में भय के वातावरण दूर कर भरोसा भी कायम करेंगी। स्वास्थ्य विभाग ने आशाओं की मॉनिटरिंग के लिए तीन स्तरीय अधिकारियों की तैनाती की है। इसके तहत स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी, ब्लॉक कम्यू निटी प्रॉसेज मैनेजर और सीएचसी अधीक्षक को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कोरोना वायरस को लेकर लोगों में भ्रम और डर की स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने नई पहल की है। इसके तहत जिले में सक्रिय 2500 आशा बहुओं को कार्य में लगाया गया है। आशा बहुएं घर-घर जाकर दस्तक देंगी।
आशा बहुओं को प्रत्येक घर में इसकी जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है कि उस घर में कोई सर्दी, खांसी, जुकाम से पीड़ित तो नहीं है। यदि कोई पीड़ित मिलता है उसका नाम रजिस्टर में अंकित करते हुए उसे स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाना होगा।
यही नहीं आशा बहुएं प्रत्येक घरों की महिलाओं को इस बात की जानकारी देंगी कि कोरोना वायरस से डरें नहीं बल्कि निर्भीक होकर उसका मुकाबला करें। कोरोना वायरस से बचने के लिए क्या करना चाहिए और क्या नहीं इसकी पूरी जानकारी आशा बहुएं देंगी।
दस्तक में शामिल 2500 आशा बहुओं की मॉनिटरिंग के लिए स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी (एचएओ), ब्लॉक कम्यूनिटी प्रॉसेज मैनेजर (बीसीपीएम) और सीएचसी अधीक्षक को लगाया गया है।