सुल्तानपुर। करौंदीकलां ब्लॉक क्षेत्र के बौढ़ियाबालमऊ गांव में लगा विद्युत ट्रांसफार्मर करीब 15 दिन पहले जल गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना विभागीय अधिकारियों को दी लेकिन अभी तक ट्रांसफार्मर बदला नहीं जा सका है। विद्युत आपूर्ति ठप होने से ट्रांसफार्मर के बगल स्थित राजकीय नलकूप बंद पड़ा है। इससे किसानों को परेशानी हो रही है। किसान कुलशेखर मिश्र, घनश्याम तिवारी, राम प्रकाश उपाध्याय, कपिलदेव मिश्र, आसरे ने बताया कि गेहूं की सिंचाई के लिए पानी की जरूरत है। राजकीय नलकूप ट्रांसफार्मर की खराबी से बंद पड़ा है। सींचपाल राम सूरत तिवारी ने बताया कि स्थानीय पावर हाउस पर ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना दी गई है। करौंदीकलां पावर हाउस पर तैनात जेई आदिल ने बताया कि मामले की जानकारी है। जल्द ही ट्रांसफार्मर बदल दिया जाएगा।