सुल्तानपुर। दोस्तपुर कस्बे में शनिवार की रात विद्युत पोल के जर्जर तार में हुए शॉर्ट सर्किट से चार दुकानों में आग लग गई। लोगों ने किसी तरह आग को काबू किया। आग से करीब 50 हजार रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
कस्बे में महेश कुमार की साइकिल की दुकान है। उसके पास ही जगदीश की पान की दुकान, बबलू का सैलून व जगदीश की गुमटी है। शनिवार की रात दुकान के ऊपर से गुजरे विद्युत तार में हुए शॉर्ट सर्किट से दुकानों में आग लग गई। स्थानीय लोगों ने जब तक आग को काबू किया, सब कुछ जलकर नष्ट हो गया। लोगों ने बताया कि विद्युत तार जर्जर हैं। इसकी वजह से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। आग से करीब 50 हजार रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष दिनेश सिंह ने एसडीएम कादीपुर को फोन से घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एसडीएम ने पीड़ितों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।