पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर देहली के पास दुर्घटनाग्रस्त ट्रक।
कूरेभार। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर धनपतगंज के देहली के पास बुधवार तड़के मवेशियों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर अफरातफरी का माहौल रहा।
यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी राम जगत तिवारी ने बताया कि दुर्घटना सुबह करीब 4:30 बजे हुई। ट्रक पर भैंसें लदी थीं। उनको लेकर ट्रक कुशीनगर से बस्ती जा रहा था। ट्रक चालक साधु निवासी कस्बा महराजगंज, जिला महराजगंज ने बताया कि वाहन चलाते समय उसे नींद आ गई। नींद आने से ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। ट्रक में चालक के अलावा खलासी इमरान निवासी रिया, जिला मथुरा व मोनू निवासी हीरापुर बाजार, जिला अंबेडकरनगर सवार थे। सभी लोग बच गए।
ट्रक में लदी भैंसों को दूसरे वाहन से गंतव्य के लिए रवाना किया गया। क्षतिग्रस्त वाहन को मुख्य मार्ग से हटवाकर यातायात बहाल किया गया। धनपतगंज थानाध्यक्ष अंजू मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।